Breaking News

नौजवानों को रोजगार देकर उत्तर प्रदेश से रोकेंगे पलायन- अमित शाह

amit-shah-bjp-pc_650x400_41475823764झांसी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को झांसी में कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर नौजवानों को रोजगार मुहैया कराकर सूबे को पलायन की समस्या से निजात दिलायेंगे। बुन्देलखण्ड के लोगों का आवाहन करते हुए उन्होंने कहा कि चाचा-भतीजे की रार में फंसी प्रदेश की सपा सरकार को वे उखाड़ फेंके और देश के सबसे बड़े राज्य को विकसित प्रदेश बनाने के लिए भाजपा की सरकार बनायें। अमित शाह ने आज झांसी के नुमाइस मैदान से भाजपा की दूसरी परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा प्रारम्भ करने से पहले यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों ने उत्तर प्रदेश को 15 साल में बहुत पीछे कर दिया। इन दोनों सरकारों ने प्रदेश को केवल लूटा और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। सपा सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार नेताजी (सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव) का असली वारिस बनने के चक्कर में परेशान है। चाचा और भतीजे की लड़ाई में पूरा प्रदेश पिस रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हर पंद्रह दिन में एक नयी योजना शुरु कर रही है लेकिन, ये योजनाएं यहां चाचा-भतीजे की लड़ाई के बीच फंस गयी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही उप्र सबसे समृद्ध राज्य बनेगा और उसमें बुन्देलखण्ड सवार्धिक समृद्ध क्षेत्र होगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उप्र के बुन्देलखण्ड और पूर्वांचल में बेरोजगारी के चलते पलायन की सबसे बड़ी समस्या है। भाजपा की सरकार बनते ही नौजवानों को रोजगार मुहैया कराकर प्रदेश को इस समस्या से निजात दिलायेंगे। अमित शाह ने इस मौके पर केंद्र की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि सपा और बसपा के समर्थन से चल रही तत्कालीन कांग्रेस सरकार में रोज घोटाले हो रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के बने ढ़ाई साल बीत गये लेकिन आज तक कोई भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सकता। तीन तलाक के मुद्दे पर बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार धर्म के आधार पर महिलाओं का उत्पीड़न नहीं होने देगी। महिला किसी भी वर्ग की हो सरकार उसकी सुरक्षा करेगी। अमित शाह ने कहा िकइस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सपा, बसपा और कांग्रेस चुप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *