Breaking News

यूपी को छोड़, उत्तर भारत से रूठा मानसून

images (11)नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश को छोड़कर उत्तरी राज्यों में मॉनसून की गतिविधि नगण्य रही, जबकि असम में बारिश के पूर्वानुमान के बीच बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। मौसम विभाग ने बाढ़ से जूझ रहे असम, मेघालय, बिहार, गोवा और विदर्भ में भारी बारिश की चेतावनी दी है और पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्रों, सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

दिल्ली में भी बारिश नहीं हुई जिससे दिल्ली वाले भारी उमस से जूझते रहे। शहर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने कल शहर में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अन्य तीन महानगरों – कोलकाता, चेन्नई और मुम्बई में अधिकतम तापमान क्रमशः 34.1, 32.9 और 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के सात जिलों में बाढ़ की ताजा घटनाओं में करीब दो लाख लोग प्रभावित हुए हैं। 320 से अधिक गांव जलमग्न हैं और बाढ़ के कारण सड़कों को नुकसान पहुंचा है, तटबंध टूट गए हैं और कई इलाकों में भारी पैमाने पर भूक्षरण हुआ है। प्रभावित सात जिलों में लखीमपुर, गोलाघाट, मोरीगांव, जोरहट, धीमाजी, शिवसागर और कोकराझार शामिल हैं।

बिहार के कई जिलों में मौसम शुष्क: बिहार में किशनगंज, अररिया, भागलपुर और पूर्णिया सहित कई इलाकों में भारी बारिश हुई जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। उत्तर प्रदेश के भी कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है। राज्य में बारिश की स्थिति बने रहने से राज्य की प्रमुख नदियां उफान पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *