Breaking News

मिस्बाह ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, धोनी-मैक्कुलम को पीछे छोड़ा

gameदुबइ, अबुधाबी में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह उल हक के लिए उपलब्धियों भरा साबित हो रहा है। मिस्बाह ने इस मैच के दौरान कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह उल हक बतौर टेस्ट कप्तान छक्के मारने के मामले में सबसे आगे निकल गए हैं। मिस्बाह ने ये उपलब्धि न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैक्कुलम को पीछे छोड़ कर हासिल की। मिस्बाह ने बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 61 छक्के जमाए हैं। वहीं ब्रैंडन मैक्कुलम ने न्यूजीलैंड के कप्तान रहते हुए 59 छक्के जमाए थे। इस लिस्ट में जो तीसरा नाम है वो है पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का, धोनी ने सफेद कपड़ों की क्रिकेट में बतौर कप्तान 51 छक्के लगाए थे। धोनी के बाद नाम आता है वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार रहे ब्रायन लारा का। लारा ने अपनी कप्तानी में 49 बार गेंद को हवाई रास्ते से बाउंड्री के पार पहुंचाया।

मिस्बाह का पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान के रूप में यह 48वां मैच है। इसी के साथ उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी के इमरान खान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। 42 वर्षीय मिस्बाह ने कप्तानी में कीर्तिमान बनाने के बाद बल्ले से भी कमाल दिखाया। मिस्बाह ने अनुभवी यूनुस खान के साथ मिलकर पाकिस्तान की तरफ से टेस्ट मैचों में साझेदारी के रूप मे सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। यूनुस (127) ने मिस्बाह (96) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 175 रन जोड़े। मिस्बाह और यूनुस टेस्ट मैचों में 73.39 की औसत से 3156 रन जोड़ चुके हैं। इस दौरान इन्होंने 15 शतकीय भागीदारियां की हैं। इस जोड़ी ने मोहम्मद यूसुफ और यूनुस खान का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 78.42 की औसत से 3137 रन जोड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *