Breaking News

रजत जयंती समारोह के लिए सपा की तैयारियां पूरी, कई दलों के नेता होंगे शामिल

shivलखनऊ, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रथ यात्रा के बाद कल समाजवादी पार्टी का रजत जयंती समारोह होना है। इसमें जदयू, राजद और रालोद के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, ऐतिहासिक समारोह की तैयारियां पूरी हो गयी हैं। इसमें समाजवादी और लोहियावादी नेता हिस्सा लेंगे। सभी नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के साथ मंच साझा करेंगे। समारोह में शामिल होने वालों में पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा, राजद प्रमुख लालू प्रसाद, रालोद प्रमुख अजित सिंह, जदयू नेता शरद यादव, इनेलोद नेता अभय चौटाला, जदयू नेता के. सी. त्यागी और प्रख्यात वकील राम जेठमलानी हैं। समारोह का आयोजन राजधानी के जनेश्वर मिश्र पार्क में किया जा रहा है। समारोह की तैयारियां शिवपाल के जिम्मे हैं और पार्टी तथा परिवार में एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए इसमें अखिलेश भी शामिल होंगे।

शिवपाल ने कहा कि इस समारोह के साथ सपा औपचारिक रूप से कल अपना चुनाव प्रचार शुरू करेगी। सपा का लक्ष्य किसी भी स्थिति में भाजपा को उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने से रोकना है। उन्होंने कहा, सभी धर्मनिरपेक्ष दल उत्तर प्रदेश में भाजपा को सरकार नहीं बनाने देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में बहुमत की सरकार बनाने के बाद, केन्द्र से भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें एकजुट होंगी। भव्य समारोह के लिए पूरे शहर को पोस्टरों और होर्डिंग से पाट दिया गया है। राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं समारोह के संयोजक गायत्री प्रजापति ने कहा कि हमें पांच लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। कार्यकर्ता आने लगे हैं। पुलिस महानिरीक्षक (लखनऊ जोन) ए. सतीश गणेश ने बताया कि वीवीआईपी गेस्ट हाउस में कड़ी सुरक्षा है। समारोह स्थल, शहर के विभिन्न स्थानों पर भारी पुलिस बंदोबस्त है। एक पुलिस उप महानिरीक्षक स्तर का अधिकारी सुरक्षा इंतजाम संभालेगा। उसकी मदद के लिए पांच पुलिस अधीक्षक, 24 अपर पुलिस अधीक्षक, 39 क्षेत्राधिकारी होंगे। बड़ी संख्या में पीएसी के जवान भी तैनात किये जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com