Breaking News

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया ये बयान

भोपाल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाएं गौरव बढ़ा रही है।

श्री शर्मा ने यह बात अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित महिला सम्मान समारोह को संबोधित करते हुये कही। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहां महिलाएं किसी न किसी भूमिका में न हों। अनेक क्षेत्रों में महिलाएं सशक्त भूमिकाओं में हैं। महिलाएं आज समाज के हर क्षेत्र का गौरव बढ़ा रही हैं।

इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालीं महिलाओं एवं युवतियों को सम्मानित भी किया गया।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा महिला सशक्तीकरण के अभियान चलाए जा रहे हैं। भाजपा के संगठन में भी महिलाओं को उचित स्थान देने के प्रयास किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में भी कई पद हैं जिनका नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के अभियान को बढ़ाने का संकल्प लेते हुये मातृशक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर गोविंदपुरा विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।