अखिलेश यादव ने एक बार फिर, मेधावियों को किया सम्मानित

लखनऊ , समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाईस्कूल ओर इंटरमीडिएट की परीक्षा में टापर छात्र-छात्राओं को डिजिटल डिवाइड खत्म करने के लिए लैपटाप देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने नौजवानों की इस सफलता के पीछे उनके शिक्षकों एवं परिवारीजनों के परिश्रम को भी याद किया तथा उन्हें बधाई दी। बच्चों से उन्होंने कहा कि वे परीक्षाओं की इन सफलताओं से आगे भी बढ़े और दूसरों को भी अपने ज्ञान का लाभ दें।
अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी के समय कन्याविद्या धन योजना शुरू हुई थी। लड़कियों की पढ़ाई के लिए 30 हजार रूपए दिए गए थे। 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था होगी।
अखिलेश यादव ने लखनऊ में मलिहाबाद की कक्षा 12 की छात्र उन्जिला फातिमा को 97 प्रतिशत अंक आईएससी बोई परीक्षा में हासिल करने पर लैपटाप दिया। क्राइस्ट चर्च कालेज लखनऊ की इंटर में आईएससी बोर्ड परीक्षा में 98.75 प्रतिशत अंक पाने पर दिव्यांग छात्रा सारा मोईन को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच श्री अखिलेश यादव ने लैपटाप दिया। उनके शिक्षक को भी सम्मानित किया गया। सारा मोईन मूक बधिर के साथ अंधता की भी शिकार है लेकिन सभी चुनौतियों को पार करते हुए वह अपने माता-पिता के सहयोग से पढ़ाई में अव्वल रही।
पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता ही सब कुछ नहीं, जीवन में दूसरों के काम आने को सार्थक होना मानते हैं। शिक्षक संस्कार देते है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से शिक्षा को प्राथमिकता देती रही है।
मेरठ के सरधना क्षेत्र से विधायक अतुल प्रधान के सौजन्य से आज जिला मेरठ के टॉपर हाईस्कूल के 13 और इंटरमीडिएट के 12 छात्र-छात्राओं को भी श्री अखिलेश यादव ने लैपटॉप दिया। इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर छात्र-छात्राओं में अंशिका उपाध्याय, जमारूद, सपना, पायल, किंजल, आंचल, निकिता, दिव्यांशी शर्मा, महेश, हर्ष, सोफिया और अमन तथा हाईस्कूल के टॉपर अदीबा, दक्षा, तृप्ती, आयुष, रिद्धि तिवारी, पुत्री डा. भुवन तिवारी, याकुल, तानिया सिंह, आर्यन, चीनू, अनन्या मिश्रा, दिव्या सेठी, निशांत तथा मानवीय को भी लैपटाप देकर सम्मानित किया गया।
इनके अतिरिक्त लखनऊ की अनन्या यादव को राजनीतिक विज्ञान में 100 में 100 नम्बर पाने के लिए और सीतापुर की अंकिता यादव को इंटर में प्रदेश में 5वां स्थान पाने पर लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निकिता ने अपनी कविता पढ़ी, दिव्यांशी शर्मा ने अपनी पढ़ाई के लिए अखिलेश जी से सहयोग करने के लिए कहा। अली साहब ने प्रेरक संवाद सुनाए तथा सारा के शिक्षक ने भी अपने विचार रखे और श्री अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सर्वश्री मोहिबुल्ला नदवी सांसद, राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, विधायक रविदास मेहरोत्रा, प्रभु नारायण विधायक, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, जावेद आब्दी पूर्व मंत्री, उदयवीर सिंह, रामबृक्ष सिंह, पूर्व प्रत्याशी विधानसभा उत्तर लखनऊ पूजा शुक्ला उपस्थित रहे।





