दिल्ली में सख्त डिजिटल ट्रैफिक चालान सिस्टम लागू, नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस होंगे रद्द

नयी दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त डिजिटल ट्रैफिक चालान सिस्टम लागू करते हुए चेतावनी दी है कि सिस्टम का बार-बार उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह नया ढांचा केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में किए गए संशोधनों के अनुरूप है और सड़क अनुशासन को मजबूत करने, पारदर्शिता बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाया गया है कि नियम तोड़ने वाले जुर्माने से बच न सकें या निर्धारित शिकायत प्रक्रिया का पालन किए बिना सीधे अदालतों का दरवाजा न खटखटा सकें।

इस नए ढांचे के तहत चालान से बचना अब संभव नहीं होगा और सभी नागरिकों के लिए समय पर समाधान करना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नियम तोड़ने वाले निर्धारित प्रक्रिया से गुजरे बिना चालान को चुनौती देने के लिए सीधे अदालतों में नहीं जा सकेंगे।

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द ही केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में केंद्र द्वारा किए गए संशोधनों को लागू करेगी। उन्होंने कहा, “यह संशोधित सिस्टम चालान प्रक्रिया को और अधिक सख्त, पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाता है। कोई भी यदि एक साल के भीतर पांच या उससे अधिक बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेगा, उसे ‘गंभीर अपराधी’ माना जाएगा। संशोधित नियमों के तहत ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द किया जा सकता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब चालान जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह से आधुनिक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस या अधिकृत अधिकारी चालान भौतिक रूप से (कागज पर) या इलेक्ट्रॉनिक रूप से जारी कर सकते हैं। इसके अलावा कैमरों और डिजिटल निगरानी प्रणालियों के माध्यम से पकड़े गए उल्लंघनों के लिए चालान अपने आप जेनरेट हो जाएंगे।

यदि विभाग के पास नियम तोड़ने वाले का मोबाइल नंबर है, तो ई-चालान तीन दिनों के भीतर भेज दिया जाएगा, जबकि भौतिक नोटिस 15 दिनों के भीतर भेजा जाएगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी चालानों को एक ऑनलाइन पोर्टल पर क्रमबद्ध तरीके से रिकॉर्ड किया जाएगा। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपने ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्रों में अपने मोबाइल नंबर और पते अपडेट करवा लें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई व्यवस्था पूरी तरह से डिजिटल, समय-सीमा वाली और जवाबदेह बनाने के लिए डिजाइन की गई है, “इससे ट्रैफिक नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।” उन्होंने नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, समय पर चालान चुकाने और सड़क पर जिम्मेदार उपभोक्ताओं के तौर पर व्यवहार करने का आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button