अमेरिका ने जहाजों पर लदे रूसी तेल पर लगी रोक पर अस्थायी छूट की घोषणा की

वॉशिंगटन, अमरीकी वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को 17 अप्रैल तक जहाजों पर पहले से लदे रूसी कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति और बिक्री की इजाज़त के लिए एक अस्थायी छूट देने की घोषणा की है।

यह छूट 16 मई तक मान्य है। यह छूट सुनिश्चित करती है कि समुद्र में अभी मौजूद तेल अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंच सके, साथ ही रूस पर कुल मिलाकर रोक का दबाव बना रहे।

मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, “जैसे-जैसे बातचीत आगे बढ़ रही है, मंत्रालय यह सुनिश्चित करना चाहता है कि तेल उन लोगों को मिले जिन्हें इसकी ज़रूरत है,” उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह कदम बाजार को स्थिर करने के लिए है, न कि रोक नीति में बदलाव के लिए।

यह फैसला अमरीकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के इस संकेत के कुछ ही दिनों बाद आया है कि प्रशासन रूसी तेल के लिए जनरल लाइसेंस नहीं बढ़ाएगा।

इस मामले से जुड़े सूत्रों ने कहा कि ईरान युद्ध के बीच एशिया में बढ़ती ऊर्जा लागत का सामना कर रहे कई साझेदार देशों ने जी20, विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की बैठक में चर्चा के दौरान वॉशिंगटन पर छूट बढ़ाने का दबाव डाला।

यह घोषणा ईरान के विदेश मंत्री के इस टिप्पणी के बाद आयी है कि युद्धविराम के दौरान होर्मुज जलमार्ग वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला रहेगा।

ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 9.07 प्रतिशत गिरकर 90.38 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ जो 10 मार्च के बाद इसका सबसे निचला स्तर है।

अमरीकी सांसद इस छूट को लेकर चेतावनी दे रहे हैं कि इससे रूस पर पश्चिमी देशों के प्रतिबंध कम हो सकते हैं क्योंकि यूक्रेन में उसका युद्ध जारी है, जिससे रुस को लड़ाई के दौरान राजस्व प्रवाह बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

यूरोपियन अधिकारियों ने भी यही चेतावनी दी है। यूरोपियन आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि अभी प्रतिबंध में ढील देने का “समय नहीं है”।

रूस के लिए, यह छूट एक राजनयिक और आर्थिक जीत है। क्रेमलिन के अधिकारी इसे अमरीकी-रूस उर्जा सहयोग जारी रहने का सबूत बता रहे हैं।

Related Articles

Back to top button