कड़ी निगरानी में संपन्न हुई ,एनईईटी-यूजी 2026 परीक्षा, डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण

जालौन, उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को जनपद में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी-यूजी) 2026 को निष्पक्ष, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने को जवाहर नवोदय विद्यालय, दयानंद वैदिक कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था तथा प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, इसलिए सभी नामित मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला दिनभर सक्रिय रहा।





