कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम में मौसम की सबसे सर्द रात

श्रीनगर, केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है तथा गुलमर्ग और पहलगाम में रविवार रात मौसम की सबसे सर्द रात रही जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 10 और शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने आज यह जानकारी दी।

उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में कल मौसम की सबसे सर्द रात रही, जहां रात का तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि इससे पिछली रात यह शून्य से नीचे 8.2 डिग्री सेल्सियस था।

इसी तरह दक्षिण कश्मीर में पहलगाम घाटी प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल रात यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.4 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार घाटी में छह जनवरी तक धुंध छंटने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है और पूरे जम्मू कश्मीर में दिन में मौसम गर्म रहेगा लेकिन रात सर्द रहेगी।

मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू में आठ से 10 जनवरी तक मैदानी इलाकों और प्रदेश के कई स्थानों पर हिमपात या बारिश होने की 70 प्रतिशत अनुमान है।

केंद्रशासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि इससे पिछली रात को 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.5 डिग्री सेल्सियस था।

Related Articles

Back to top button