Breaking News

कांग्रेस एक डूबता जहाज जिसे सब छोड़ रहे हैं- राजनाथ सिंह

rajnath-singh_1480584473देहरादून,  भाजपा में शामिल हुए बागी कांग्रेस नेताओं को कूड़ा बताने के लिये कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी एक डूबता हुआ जहाज है जिसे सब छोड़ रहे हैं। प्रदेश में 15 फरवरी को होने वाले मतदान के लिये सोमवार को चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले यहां डोइवाला क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, एक कांग्रेस नेता ने रविवार को कहा था कि भाजपा ने हमारी पार्टी का कूड़ा उठा लिया है। अब वे (बागी नेता) हमारे साथ हैं तो आप उनकी तुलना कूड़े से कर रहे हैं। आपको समझ लेना चाहिये कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है जिसे हरेक छोड़कर जा रहा है।

कांग्रेस द्वारा भाजपा पर उनकी पार्टी में दल-बदल की साजिश रचने का आरोप लगाये जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में जो कुछ भी हुआ, उसके लिए भाजपा जिम्मेदार नहीं है। पिछले एक साल में 12 विधायकों के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के संदर्भ में उन्होंने कहा, आपके साथ जो कुछ भी हुआ उसके लिये आपके अलावा और किसी को दोष नहीं दिया जा सकता। आपकी अपनी नाव में छेद था जिसमें से पानी अंदर आ गया। भाजपा को पांच साल सेवा का मौका देने के लिये जनता से आग्रह करते हुए सिंह ने कहा कि 2014 का लोकसभा चुनाव देश के चुनावी इतिहास में एक मोड़ था क्योंकि जनता ने पहली बार केंद्र में किसी गैर कांग्रेसी सरकार को पूर्ण बहुमत दिया था।

केंद्रीय गृह मंत्री सिंह ने कहा, जनता द्वारा लिये गये फैसले का नतीजा सबके सामने है। आज भारत विश्व में सबसे तेज गति से विकसित होती अर्थव्यवस्था है। मोदी सरकार के पिछले ढाई साल के कार्यकाल में किसी भी केंद्रीय मंत्री पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। इस संबंध में उदाहरण देते उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्टाइक ने पूरे विश्व को यह संदेश दे दिया कि हम एक शांतिप्रिय देश हैं जिसकी कोई विस्तारवादी चाहत नहीं है लेकिन अगर हमें छेड़ा जायेगा तो हम बदला लेंगे। कांग्रेस पर उत्तराखंड की 16 साल की उम्र में से 10 साल सत्ता में रहने के बावजूद उसके लिये कुछ नहीं करने का आरोप लगाते हुए सिंह ने जनता से कहा कि अगर वह प्रदेश में असल विकास करने वाली एक साफ-सुथरी सरकार लाना चाहती है तो उसे कमल खिलाना होगा। इससे पहले, जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने जनता से भाजपा के लिये वोट मांगा और कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार विकास के पथ में सबसे बड़ा रोड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *