महिला आरक्षण पर सियासत तेज, अजय राय ने केंद्र सरकार को घेरा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर विरोधाभासी बयान दे रहे हैं और देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस में अजय राय ने कहा कि वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री द्वारा महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष को बधाई दी गई थी, जबकि हाल ही में दिए गए संबोधन में कांग्रेस को ही इसके पारित न होने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री का “दोहरे मापदंड” वाला रवैया बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर इसके लागू होने में जानबूझकर देरी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही इस विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग करती रही है और अपने ‘न्याय पत्र’ में भी इसका उल्लेख किया था कि सरकार बनने पर इसे तुरंत लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सरकार की इस “रणनीति” को समझते हुए इसका विरोध किया, जिसे लोकतंत्र, संविधान और संघीय ढांचे की जीत बताया जाना चाहिए। कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व के अवसर दिए हैं।

उन्होंने एनी बेसेंट, सुचेता कृपलानी, इंदिरा गांधी, प्रतिभा पाटिल और मीरा कुमार जैसे उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा नारी सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। अजय राय ने प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए भी निशाना साधा और कहा कि देश की जनता अब “झूठ और पाखंड” को समझने लगी है तथा आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

इस दौरान पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद, मीता गौतम, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी और प्रदेश प्रवक्ता शुचि विश्वास भी मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button