काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित गंगा आरती का भव्य शुभारंभ

वाराणसी, धार्मिक नगरी काशी में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन तथा विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा ललिता घाट पर संचालित गंगा आरती का भव्य शुभारंभ आज हुआ।
इस ऐतिहासिक एवं दिव्य आयोजन की प्रतीक्षा विश्वेश्वर के भक्तों को लंबे समय से थी। गंगा आरती में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रविंद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, मंडलायुक्त एस. राज लिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि के साथ “जय माँ गंगा” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय कर दिया। गंगा तट पर उपस्थित विशाल जनसमूह ने पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ आरती में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। प्रथम दिन ही हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे और उन्होंने माँ गंगा की आरती में सक्रिय योगदान दिया। इस आयोजन ने भक्ति, श्रद्धा तथा सनातन सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम संगम प्रस्तुत किया।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा यह प्रयास जनमानस की आस्था को और सुदृढ़ करने तथा सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं नवीन पवित्र कार्यों के नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह गंगा आरती प्रतिदिन सायं 6 बजे ललिता घाट पर आयोजित की जाएगी।





