Breaking News

किरन रिजिजू सांसदों के लिए ‘पार्टिशन: 1947’ की विशेष स्क्रीनिंग करेंगे

 

 

नई दिल्ली,  केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू बंटवारे पर बनी फिल्म पार्टिशन: 1947 की विशेष स्क्रीनिंग सांसदों के लिए करने जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि फिल्म की स्क्रीनिंग  राष्ट्रीय फिल्म प्रभाग में रविवार को की जाएगी। पार्टिशन: 1947 यहां शुक्रवार को रिलीज हुई। यह इस साल की शुरुआत में भारत से बाहर वायसरॉइज हाउस के नाम से रिलीज हुई, जो भारत और पाकिस्तान के विभाजन की कहानी है।

इसमें हुमा कुरैशी, मनीष दयाल, डेन्जिल स्मिथ आदि कलाकार हैं। रिजिजू ने ट्विटर पर लिखा, ऐसी फिल्में व्यवसायिक हितों से परे हैं। पार्टिशन: 1947 के तथ्यों को देखने के लिए उत्सुक हूं। मैं विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन करने जा रहा हूं। यह फिल्म देखने के लिए रिजिजू ने सांसदों और मीडियाकर्मियों को आमंत्रित किया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह उनकी निजी पहल है। फिल्म की स्क्रीनिंग का खर्च वह स्वयं वहन करेंगे। फिल्म का निर्माण व निर्देशन ब्रिटिश फिल्मकार गुरिंदर चड्ढ़ा ने किया है। उन्होंने रिजिजू के इस प्रयास को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, धन्यवाद किरन रिजिजू सर। मैं खुश हूं कि आप इसकी स्क्रीनिंग सरकार के मंत्रियों के लिए करने जा रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि यह आपको पसंद आएगी।