Breaking News

चार उपचुनावों के लिए आज शाम थमेगा चुनावी शोरगुल

भोपाल, मध्यप्रदेश में खंडवा संसदीय और रैगांव, जोबट तथा पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनावों के लिए आज चुनाव प्रचार अभियान के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं।

भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रैगांव विधानसभा क्षेत्र के कोठी में और पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के पृथ्वीपुर में चुनावी सभाएं संबोधित करेंगे। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा खंडवा संसदीय क्षेत्र के सनावद में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ राजस्थान के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट की मौजूदगी में चुनावी सभा लेंगे।

चारों उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के अन्य नेता भी चुनावी अभियान के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकने के प्रयास में जुटे हैं। चारों क्षेत्रों में दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की दर्जनों सभाएं हैं। आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार अभियान की समय सीमा समाप्त होने के बाद बाहरी नेता संबंधित क्षेत्रों में नहीं रह सकेंगे और चुनावी शोरगुल भी थम जाएगा।

इन चाराें क्षेत्रों में कुल 48 प्रत्याशियों की किस्मत 30 अक्टूबर को मतदान के साथ इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद हो जाएगी। 02 नवंबर को मतगणना के साथ ही इनकी किस्मत का फैसला हो जाएगा। पिछले एक पखवाड़े से इन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार अभियान प्रारंभ हुआ था और देखते ही देखते यह चरम पर पहुंच गया है।

खंडवा संसदीय क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल और कांग्रेस के राजनारायण सिंह पुरनी के बीच है। इनके समेत कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।

अलीराजपुर जिले की जोबट (अजजा) सीट पर भाजपा की पूर्व मंत्री सुलोचना रावत और कांग्रेस के महेश पटेल की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। इनके समेत कुल 06 प्रत्याशी मैदान में हैं। सतना जिले की रैगांव (अजा) सीट पर श्रीमती प्रतिमा बागरी (भाजपा) का मुख्य मुकाबला कांग्रेस की श्रीमती कल्पना वर्मा से है। विंध्य अंचल की इस सीट पर कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।

इसके अलावा बुंदेलखंड अंचल के निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल सिंह के मुकाबले में कांग्रेस के नितेंद्र सिंह राठौर हैं। हालाकि इनके समेत कुल 10 प्रत्याशियों की किस्मत दाव पर लगी है। उपचुनाव के पूर्व की स्थिति में खंडवा और रैगांव में भाजपा का और पृथ्वीपुर तथा जोबट में कांग्रेस का कब्जा था।