Breaking News

जेल से 219 कैदी फरार, तीन की मौत

कंपाला, पूर्वी अफ्रीकी देश युगांडा के उत्तरपूर्वी जिले मोरोटो के जेल से कुल 219 कैदी जेल तोड़कर भाग निकले हैं।

जेल विभाग के प्रवक्ता फ्रैंक बेने ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोरोटो शहर में स्थित सिंगिला जेल से भागे कैदियों में से सात को फिर से पकड़ लिया गया है। भागे कैदियों में तीन मारे जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि फरार कैदियों को फिर से पकड़ने के लिए पुलिस, सेना और जेल पुलिसकर्मी संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात हेलिकॉप्टर के जरिये तलाशी अभियान रोक दिया गया था लेकिन जमीनी स्तर पर यह अभियान जारी था। उन्होंने आज दिन की समाप्ति के बाद बेहतर परिणाम आने की उम्मीद जतायी।

प्रवक्ता के मुताबिक फरार कैदियों में से अधिकांश अवैध हथियार रखने के मामले के आरोपी थे। कैदी अपने साथ जेल की 14 बंदूकें तथा भारी संख्या में गोलियां लेकर भागे हैं।

गाैरतलब है कि इससे पहले मार्च में अरूआ जिले की जेल में कैदियों के भागने के दौरान भड़के दंगे में तीन कैदी मारे गये थे तथा छह अन्य घायल हो गये थे।