Breaking News

झारखंड में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भारतीय महिला हॉकी टीम उत्साहित

रांची, झारखंड में 27 अक्टूबर से शुरु होने वाली महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ी बेहद उत्साहित है।

भारत टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत शुक्रवार, 27 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा। सविता की अगुवाई में भारतीय महिला हॉकी टीम टूर्नामेंट में स्पर्धा करेगी। दीप ग्रेस एक्का टीम की उपकप्तान होंगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड संगीता ने टूर्नामेंट के लिए रांची लौटने पर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “मैंने अपना पहला टूर्नामेंट रांची में तब खेला था जब मैं अंडर-14 टीम में थी और हमने हॉकी झारखंड के लिए कांस्य पदक जीता था। बाद में मैंने यहां सब जूनियर स्तर पर भी खेला। हालांकि रांची में इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भाग लेने का यह मेरा पहला मौका होगा। मैं घरेलू प्रशंसकों के सामने जाने का इंतजार नहीं कर पा रही हूं। हम टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”

उन्होंने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में, हॉकी इंडिया और झारखंड सरकार ने राज्य में हॉकी के विकास को सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत की है।”

थाईलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच के बाद भारत शनिवार 28 अक्टूबर को मलेशिया के साथ दूसरा और सोमवार 30 अक्टूबर को तीसरे मैच में चीन से भिड़ेगा। वहीं मंगलवार 31 अक्टूबर भारत का जापान से मुकाबला है। गुरुवार दो नवंबर को कोरिया के खिलाफ अपना अंतिम पूल मैच खेलें। टूर्नामेंट का सेमीफाइनल और फाइनल क्रमशः शनिवार चार नवंबर और रविवार पांच नवंबर 2023 को खेला जाएगा।

इस बीच भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर निक्की प्रधान ने कहा कि टूर्नामेंट से राज्य के युवा खिलाड़ियों को मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि हॉकी इंडिया और झारखंड सरकार ने यहां रांची में इस तरह के एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन करने का फैसला किया है। राज्य में हॉकी का विकास हो रहा है और यह टूर्नामेंट खेल के उत्थान को और बढ़ावा देगा। जल्द ही वह समय आएगा जब हमारा राज्य अपने सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ियों के कारण जाना जाएगा। राज्य में हमारे युवा खिलाड़ियों को भी इस टूर्नामेंट से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।”

उन्होंने कहा, “यह पहली बार होगा जब इस स्तर का कोई अंतरराष्ट्रीय आयोजन यहां रांची में खेला जा रहा है। मेरे परिवार के सभी सदस्य, चचेरे भाई-बहन और दोस्त बहुत उत्साहित हैं और मुझे फोन करके पूछते रहते हैं कि मैच कब शुरू होंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी उनमें से भीड़ का हिस्सा होंगे। इससे मुझे थोड़ी घबराहट होती है लेकिन मैं अपने प्रियजनों के सामने प्रदर्शन करने के लिए भी उतना ही उत्साहित हूं।”

यह महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का सातवां संस्करण है।