कांग्रेस, सपा ने देश की आधी आबादी के साथ किया विश्वासघात : ए के शर्मा

जौनपुर, उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ए के शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और टीएमसी ने देश की आधी आबादी के साथ महिला शक्ति वंदन विधेयक का विरोध करके विश्वासघात किया है और अपनी महिला विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है।
ए के शर्मा ने यहां पत्रकाराें से बातचीत में कहा कि संसद में 16, 17 और 18 अप्रैल को महिला शक्ति वंदन विधेयक संसद में पेश किया गया था, जिसको पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत थी, मगर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके सहित विरोधी अन्य दलों ने इस बिल का विरोध किया जिससे यह पारित न हो सका। इन दलों ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वास घात किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि देश की आधी आबादी को उनका हक देना उपकार नहीं है बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है। जिन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर पर बाधा डाली है, आने वाले दिनों में होने वाले चुनाव में महिलाओं के कड़े आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
उन्होने कहा कि इस समय पूरे देश की महिलाओं में आक्रोश है कि उनसे संबंधित विधेयक को विरोधी पार्टियों के चलते संसद में पारित नहीं किया जा सका, नहीं तो आने वाले चुनाव में महिलाओं को पूर्ण भागीदारी मिल सकती, जिससे वे अपने अधिकारों का समुचित रूप से प्रयोग कर सकती थी। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शासनकाल में केंद्रीय रिजर्व बल (सीआरपीएफ) में महिलाओं के लिए आरक्षण प्रदान किया है, उन्होंने यह आरक्षण देकर यह साबित कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के साथ हमेशा खड़ी रहती है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, मड़ियाहूं के विधायक डॉ आर पटेल, भारतीय जनता पार्टी जौनपुर के जिलाध्यक्ष अजीत कुमार प्रजापति और मछली शहर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार सिंह, नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





