Breaking News

‘टिक टाॅक स्टार’ बनने का जुनून महिला सिपाही को पड़ा भारी

अमरोहा, उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक महिला पुलिसकर्मी को वर्दी पहन कर सोशल मीडिया पर ‘टिक टाक स्टार’ बनने का जुनून सवार होना मंहगा साबित हुआ जब आला अधिकारियों को इसकी भनक लगने पर उसे लाइन हाजिर कर दिया गया।

सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जिले की महिला पुलिसकर्मी वर्षा राठी को इस मामले में लाइन हाजिर कर जांच शुरु कर दी गयी है। अमरोहा कोतवाली में तैनात महिला सिपाही वर्षा राठी के सोशल मीडिया पर लाखों फोलोअर हैं। राठी ने अब तक सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर टिक टॉक वीडियो बनाकर 245 पोस्ट अपलोड कर चुकी हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 1.32 लाख से अधिक फालोअर्स हैं।

मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने पर महिला सिपाही को लाइन हाजिर कर जांच बैठा दी है। बताया जा रहा है कि वर्षा राठी सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रही है। फालोअर्स की दिनोंदिन बढ़ती संख्या के कारण राठी की लोकप्रियता चर्चाओं में है।

अधिकारियों की मानें तो इसका असर अन्य महिला सिपाहियों पर भी पड़ रहा है। इस कारण आमतौर पर ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन पर व्यस्त रहने की वजह से आम जनमानस में महिला सिपाहियों को ‘मोबाइल फौज’ के नाम से पुकारा जाने लगा है।