दिन में गर्मी, रात में ठंड: झारखंड में अगले पांच दिन शुष्क मौसम का अनुमान

रांची, झारखंड में बीते 24 घंटों के दौरान दिन का तापमान हल्का बढ़ा है, लेकिन ठंड अभी पूरी तरह कम नहीं हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट संभव है, उसके बाद तीन-चार दिनों में बढ़ोतरी होगी। खासकर 26 जनवरी की सुबह राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है।मौसम विभाग ने बताया कि 26 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर झारखंड पर भी पड़ेगा। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा, सुबह ठंड और कोहरा ज्यादा महसूस होगा, जबकि दिन में धूप से हल्की राहत मिलेगी।

बुधवार को चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री रहा, जो 1.9 डिग्री बढ़ा। जमशेदपुर में 9.7, गुमला में 8.4 डिग्री न्यूनतम दर्ज हुआ, जबकि पलामू में रिकॉर्ड गिरावट से ठिठुरन बढ़ी।अगले पांच दिनों में मौसम शुष्क रहेगा, दिन का तापमान 27-31 डिग्री के बीच पहुंचेगा।

देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में अधिकतम 29-30 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां में 31 डिग्री तक संभव। पलामू, गढ़वा, लातेहार व गुमला में न्यूनतम 6-8 डिग्री रह सकता है।रांची में अधिकतम 25 से बढ़कर 28 डिग्री और न्यूनतम 9-13 डिग्री तक पहुंचेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं।

Related Articles

Back to top button