Breaking News

दिल्ली खेल विश्वविद्यालय की कुलपति बनी कर्णम मल्लेश्वरी

विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली और एकमात्र भारतीय महिला भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी को दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा पहले दिल्ली खेल विश्वविद्यालय (डीएसयू) का कुलपति नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है।

गुरुवार को यहां जारी एक बयान में हरिचंदन ने कहा कि 2000 के सिडनी ओलंपिक में भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीतने के बाद कर्णम मल्लेश्वरी देश में घरेलू स्तर पर एक नाम बन गई।

उन्होंने कहा कि मल्लेश्वरी देश के खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा हैं जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप, एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 11 स्वर्ण सहित 29 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं और उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री पुरस्कार और राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के लोगों के लिए यह गर्व का क्षण है कि उनके राज्य के श्रीकाकुलम जिले की रहने वाली मल्लेश्वरी को आप सरकार ने दिल्ली में पहले खेल विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है।