देवरिया में बढ़ते तापमान से लोगों की परेशानी बढ़ी, अप्रैल में ही गर्मी के तीखे तेवर

देवरिया, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में अप्रैल माह में ही बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तापमान में लगातार वृद्धि से जनजीवन प्रभावित होने लगा है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आने लगी हैं।
मंगलवार को जिले का तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे समय से पहले हीटवेव जैसी स्थिति बन गई। दिन के साथ-साथ रातों में भी गर्मी महसूस की जा रही है, जिससे लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। तेज गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं।
भीषण गर्मी के चलते लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, जिससे बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा है। फिजिशियन डॉ. अनुराग राय ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर ढककर निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी या छाछ का सेवन करें। उन्होंने हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्र पहनने की भी सलाह दी।
उन्होंने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीज विशेष सावधानी बरतें तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवाएं लेते रहें। उधर, भीषण गर्मी और लू की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल समय में बदलाव किया है। अब इन कक्षाओं का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा।





