Breaking News

धार्मिक जुलूस के ध्वज में करंट आने से चार लोग झुलस, एक की मौत

कुशीनगर,  उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के पडरौना क्षेत्र में रविवार को श्याम निशान यात्रा के दौरान लहराए जा रहे ध्वज में करंट आने से चार लोग झुलस गये जिनमें एक की मौत हो गयी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाटू श्याम मंदिर से निकले जुलूस के दौरान दुर्घटना में हुई मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होने अधिकारियों को दुर्घटना में घायलों का समुचित उपचार कराने के भी निर्देश दिए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नगर स्थित श्याम मंदिर से सुबह नौ बजे निशान यात्रा निकली थी। यात्रा साहबगंज होते हुए बावली चौक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। यात्रा रामकोला रोड के रास्ते सुभाष चौक की तरफ बढ़ रही थी कि अचानक आवास विकास कॉलोनी के समीप काफी उंचाई वाला ध्वज उपर से होकर गुजरे तार में जा सटा जिससे लोहे की पाइप में करंट उतर आया। इससे ध्वज लिए चल रहीं दो महिलाएं करंट की चपेट में आ गईं। दोनों की हालत देख नजदीक स्थित दो युवक बचाने दौड़े। महिलाओं को बचाने में युवक करंट की चपेट में आने से झुलस गए।

आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने प्रभात बंका (30) निवासी साहबगंज पडरौना को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने छुट्टी दे दी। करंट की चपेट में आईं दोनों महिलाओं की हालत भी सामान्य है।