Breaking News

नारद स्टिंग मामले पर अमित शाह ने तृणमूल के आरोपों को किया खारिज

कोलकाता,  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज तृणमूल कांग्रेस के इस आरोप को खारिज कर दिया कि नारद समेत भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में तृणमूल के नेताओं को फंसाने के लिए साजिश रची गई थी। साजिश के आरोप को खारिज करते हुए शाह ने कहा, कोई साजिश नहीं रची गई। उन्हें:तृणमूल के नेताओं कोः टीवी पर धन लेते हुए देखा गया। पूरी दुनिया इसे देख सकती है।

शाह ने यहां प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ममता बनर्जी ने भाजपा फोबिया बना दिया है। वह हर चीज के पीछे भाजपा को ही देख रही हैं। भाजपा अध्यक्ष ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया और कहा, राज्य में कोई भी उद्योग नहीं है। यहां सिर्फ बमों का उद्योग पनपा है।

नकली मुद्रा राज्य में आ रही है और इसे रोका नहीं गया। उन्होंने कहा कि वाम मोर्चे की हार के बाद राज्य की जनता ने सोचा कि विकास होगा लेकिन तृणमूल कांगे्रस के शासन में भी बंगाल पिछड़ता ही रहा। उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा सत्ता में है, वहां विकास हुआ है। शाह ने बनर्जी के इस आरोप पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया कि भाजपा ऐसा दल है, जिसने सांप्रदायिक दंगे करवाए।