Breaking News

पंजाब और हरियाणा में तेज हुई शीतलहर, लगातार गिर रहा

चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी है जहां नारनौल 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा के नारनौल में तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा कि दोनों राज्यों को कई इलाकों में आसमान पर धुंध की चादर फैली हुई है जिससे हवाई, रेल और सड़क यातायात पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। अमृतसर में पारा चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर है। करनाल में में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे है।

चंडीगढ़ में पारा लुढ़क कर 5.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इसके बाद हिसार में तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 5.7 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 7.4 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने रविवार तक कुछ जगहों पर बादल छाए रहने के साथ बारिश या ओले गिरने का भी अनुमान जताया है। इसके अलावा इस क्षेत्र में रविवार तक बेहद घना कोहरा छाया रहने का भी अनुमान है।