Breaking News

फिल्म निर्माता एकता कपूर का पीछा करने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार

मुंबई, फिल्म निर्माता एकता कपूर का कथित रूप से बीते एक साल से पीछा करने वाले 32 वर्षीय टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने  यह जानकारी दी। अंबोली थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भरत गायकवाड़ ने कहा कि आरोपी की पहचान सुधीर सिंह राजेंद्र सिंह सांगवान के रूप में हुई है। उसे मंगलवार को पश्चिमी उपनगर अंबोली के वीरा देसाई रोड पर उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि सांगवान हरियाणा का रहने वाला है। वह फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने मुंबई आया था। अधिकारी ने कहा, “वह अभिनेता बनना चाहता था और उसने सोचा कि एकता कपूर उसे काम का मौका दे सकती हैं। वह काम मांगने के लिये जुहू तथा अंधेरी इलाकों में उनका पीछा किया करता था।”

गायकवाड़ ने कहा कि सांगवान ने उस जिम की सदस्यता भी ली जहां एकता कपूर जाती थीं। एकता के सुरक्षाकर्मियों ने उसे उनसे दूर रहने की चेतावनी भी दी थी। उन्होंने कहा, “उसने शनिवार को एकता के जिम जाते समय उनका पीछा करने की कोशिश की, जिसके बाद उसके खिलाफ अंबोली थाने में धारा 354 डी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सांगवान को एक अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।