Breaking News

बुआ बबुआ के बयानो से तो गिरगिट भी शरमा जाये: सीएम योगी

गोंडा, कांग्रेस,समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को उत्तर प्रदेश की बदहाली का जिम्मेदार बताते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को आगाह किया कि विकास की बजाय भ्रष्टाचार को तरजीह देने वाले बुआ (मायावती), बबुआ (अखिलेश यादव) के दोहरे चरित्र के बहकावे में कभी मत आना क्योंकि इन लोगों के बयानों से तो गिरगिट भी शरमा जाता है।

गोंडा के मैजापुर में बलरामपुर चीनी मिल परिसर में एशिया के सबसे बड़े एथेनाल प्लांट का उद्घाटन करने के बाद योगी ने शनिवार को कहा कि अन्नदाता अपने खेत में गन्ने के साथ डीजल और पेट्रोल का भी उत्पादन करने जा रहा है। एथेनाल प्लांट लगेगा। उन्होंने जो पैसा पहले विदेशों में जाता था, अरब में जाता था, अब वह एथेनॉल उत्पादन के माध्यम से किसान की जेब में जाएगा। किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एथेनॉल प्लांट के शिलान्यास के साथ ही मैजापुर चीनी मिल की क्षमता को भी बढ़ाया जा रहा है और 15 मेगावाट की बिजली उत्पादन का नया संयंत्र लग रहा है। इसे यह पूरा क्षेत्र जगमगाएगा, रोजगार की संभावनाएं बनेंगी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले पेट्रोल के नाम पर जो पैसा खर्च होता था, इसका एक छोटा सा हिस्सा भारत विरोधी गतिविधियों में कार्य करने वाले लेकर चले जाते थे। हमारा ही पैसा हमारे खिलाफ खर्च होता था। 2017 के पहले प्रदेश में ऐसी सरकार थी जो पर्व और त्योहारों पर दंगा करवा देती थी और अयोध्या में राम जन्मभूमि आतंकी हमला करने वाले आतंकियों के मुकदमों को वापस लेती थी। वह तो धन्यवाद है इलाहाबाद उच्च न्यायालय का, जिन्होंने प्रदेश सरकार की इस मंशा को पूरा नहीं होने दिया था। जो ये दंगाई हैं, जिन्ना के अनुयाई हैं, वो इस गन्ने की मिठास को क्या समझ पाएंगे।

योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार आई तो पर्व और त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने लगे। आपके पर्व और त्योहारों के सामने तो अब कोरोना भी मात खा गया है। यह नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर है। हमने प्रदेश को दंगा मुक्त प्रदेश बनाया। पिछले साढे 4 वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ। आतंकवादियों को भाजपा सरकार ने उनकी मांद में घुसकर के मारा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बबुआ, बुआ को तो पूरा मौका मिला था प्रदेश में कार्य करने का। पहले विकास के लिए नहीं काम होता था। इनके दोहरे चरित्र, इनके बहकावे में कभी मत आना। क्योंकि इन लोगों के बयानों से तो गिरगिट भी शरमा जाता है। अकेले गोंडा जिले में हम लोगों ने विगत साढ़े चार वर्ष के अंदर 42,000 लोगों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए हैं। गरीब को पहले भी मकान, शौचालय, बिजली दी जा सकती थी, लेकिन यह लाभ पहले नहीं मिलता था। यह मोदी और योगी सरकार के आने के बाद ही मिलना प्रारंभ हुआ है। 2017 के पहले तो सारा राशन सैफई चला जाता था। आज कोरोना टेस्ट फ्री, उपचार फ्री, राशन फ्री और फ्री में वैक्सीन भी मिली। आज हम साढ़े 15 करोड़ लोगों को वैक्सीन दे चुके हैं।