भाजपा पर कांग्रेस ने दुष्प्रचार करने का लगाया आरोप

नयी दिल्ली, कांग्रेस सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चलाने का आरोप लगाया है।

सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को कहा कि पिछले कुछ घंटों से भाजपा कुछ तथाकथित इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर्स के पीछे छिपकर कांग्रेस के खिलाफ झूठ फैलाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा यह दावा कर रही थी कि कांग्रेस ने एआई समिट के खिलाफ वीडियो बनाने के लिए कुछ इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर्स को पैसे दिए हैं। सुप्रिया श्रीनेत ने इसे “कोरा झूठ” करार देते हुए कहा कि इस दावे को साबित करने के लिए जो संदेश दिखाए जा रहे थे, उनमें किसी का नाम या नंबर तक नहीं था। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह पूरा मामला फर्जीवाड़े का हिस्सा है और भाजपा इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर्स के जरिए दुष्प्रचार करवा रही थी। उनका दावा है कि जब युवा कांग्रेस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की तो संबंधित इंफ्लुएंसर्स अपने वीडियो डिलीट करने लगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन अकाउंट्स से यह सामग्री साझा की जा रही थी, उनमें से अधिकांश वे हैं जो लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के समर्थन में पोस्ट करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button