महिला आरक्षण को लेकर अखिलेश का बयान भ्रामक और गुमराह करने वाला: पंकज चौधरी

लखनऊ,  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान को भ्रामक, विरोधाभासी और जनता को गुमराह करने वाला बताया है।

उन्होंने रविवार को जारी बयान में कहा कि जिस विषय पर सपा प्रमुख स्वयं स्पष्ट नहीं हैं, उस पर देश को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। एक ओर वे महिला आरक्षण का समर्थन करने की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर उससे जुड़े प्रावधानों और प्रक्रियाओं का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी की दोहरी राजनीति करार दिया।

चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को सशक्त करने के ऐतिहासिक प्रयास का कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब महिलाओं को उनका अधिकार मिलने का अवसर था, तब विपक्ष ने अनर्गल बयानबाजी कर उसकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि परिसीमन और जनगणना जैसी संवैधानिक प्रक्रियाओं को राजनीतिक दृष्टि से देखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार ये प्रक्रियाएं देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने के लिए आवश्यक हैं, न कि किसी दल विशेष के लाभ या हानि के लिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास महिलाओं, पिछड़ों और दलितों के वास्तविक सशक्तिकरण के बजाय केवल वोट बैंक की राजनीति करने का रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार सभी वर्गों को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का भय और भ्रम फैलाने का प्रयास अब सफल नहीं होगा। प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के मुद्दों पर भाजपा के साथ खड़ी है और वर्ष 2027 में भी इस विश्वास को और मजबूत करेगी। चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र पर चलते हुए हर वर्ग के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button