युद्ध स्तर पर काम करें, एक करोड़ लखपति दीदी बनाना लक्ष्य : केशव मौर्य

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को गति देने के लिए राज्य सरकार ने आजीविका मिशन को तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में “एक करोड़ लखपति दीदी” बनाना सरकार का लक्ष्य है और इसके लिए युद्ध स्तर पर काम करना होगा।
मंगलवार को 7-कालिदास मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मौर्य ने विभिन्न संस्थाओं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संसाधनों और मैनपावर का पूरी क्षमता से उपयोग करते हुए जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर दिखना चाहिए।
बैठक में महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और आजीविका संवर्धन पर काम कर रही संस्थाओं गेट फाउंडेशन, एचसीएल फाउंडेशन समेत अन्य संगठनों ने अपने कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया।
उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बीसी सखी कार्यक्रम और बैंक लिंकेज पर फोकस करते हुए निर्देश दिया कि जिन स्वयं सहायता समूहों का बैंक से जुड़ाव नहीं हुआ है, उनके लिए प्रभावी रणनीति बनाकर शीघ्र कार्रवाई की जाए। “एक पंचायत-एक बीसी सखी” योजना को मजबूत करने और जरूरत के अनुसार संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने बीसी सखियों को जन सुविधा केंद्र संचालन, बीमा, ऋण वितरण, वित्तीय साक्षरता और पोस्ट ऑफिस सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही सीएसआर फंड के माध्यम से उन्हें लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की बात भी कही।
बैठक में अधिकारियों ने लखपति दीदी कार्यक्रम, कृषि आधारित गतिविधियों, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मिशन को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।





