यूपी में 17 सितंबर से चलेगा “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार “अभियान

लखनऊ, उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग 17 सितंबर से दो अक्टूबर के बीच राज्यव्यापी “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार “अभियान चलायेगा।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से गांधी जयन्ती 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में संचालित सेवा पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य विभाग की तरफ से ’’स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान संचालित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के आम जनमानस को समर्पित होने के साथ ही नारी स्वास्थ्य पर केन्द्रित होगा।

उन्होने बताया कि इस अवधि में चरणबद्ध तरीके से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित होगे। इसमें प्रदेश की सभी स्वास्थ्य ईकाइयों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जायेगा। इन स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की जायेगी। रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य केन्द्रों पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवायें भी उपलब्ध करायी जायेगी। सभी जिला स्तरीय चिकित्सालयों मेडिकल कालेजों और विशिष्ट चिकित्सालयों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी जनपदांे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर निरीक्षण एवं अनुश्रवण कराया जायेगा।

उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि रक्तदान अभियान के दौरान सभी चिकित्सालय भण्डारण क्षमता के अनुरूप ही रक्त का संग्रहण कराये। रक्तदाताओं की संख्या अधिक होने पर उनका पंजीकरण कराकर भविष्य के लिए उनका विवरण सुरक्षित रख ले। स्वास्थ्य शिविरों में निजी क्षेत्रों की इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाये। स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन हेतु स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज आदि विभागों से समन्वय स्थापित कर आशा, आंगनबाड़ी, एनम, सीएचओ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाये।

उन्होने कहा कि सभी स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन उपलब्ध स्थानीय सांसदों, विधायकों व अन्य उपलब्ध जनप्रतिनिधिगण से कराये जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से प्रारम्भ होगा। उसके पूर्व सभी स्वास्थ्य इकाईयों पर साफ सफाई से संबंधित कार्य पूर्ण कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button