Breaking News

राज्यपाल आनंदीबेन ने मिर्जापुर में किया स्वतंत्रता सेनानी झूरी बिंद की प्रतिमा का अनावरण

मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को मिर्जापुर शहर के दोमुहवां तिराहे पर स्वतंत्रता सेनानी झूरी बिंद के प्रतिमा का अनावरण किया।

राज्यपाल ने यहां पालिटेक्निक कालेज के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं इस वर्ष परीक्षा में जिले सर्वाधिक अंक पाने वाली छात्राओं को सम्मान स्वरूप साइकिलें भी बांटी।इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती पटेल ने कहा कि बेटियों की पढ़ाई मेरी दृष्टि में सबसे आवश्यक है।हर महिला को आत्मनिर्भर बनना चाहिए। महिलाओं का विकसित होना भारत के विकसित होने की गारंटी है। महिलाएं विकसित होती है तो भारत विकसित है। यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में जाती हूं और विशेष प्रदर्शन करने वाली लड़के लड़कियां उनका अवार्ड दिया जाता है उसमें 80 प्रतिशत गोल्ड मेडल लेने वाली लड़कियां और 20 प्रतिशत लड़के हैं। लड़कियां सरकारी स्कूल में फ्री में पढ़ती हैं वह कॉलेज में 80 प्रतिशत गोल्ड मेडल ले जाती है जो हम हाई फाई स्कूलों में लड़कों को पढ़ाते हैं वह 20प्रतिशत में आ जाते हैं।

राज्यपाल ने सलाह दी कि आंगनबाड़ी से लेकर यूनिवर्सिटी तक एक चैनल बनना चाहिए। यूनिवर्सिटी के लोगो को कैंपस से बाहर निकलकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचना चाहिए। आंगनबाड़ी के बच्चों को यूनिवर्सिटी लाकर दिखाओ कि आप अच्छे से पढ़ोगे तो आपको यह यूनिवर्सिटी में प्रवेश मिलेगा आप आगे बढ़ेंगे।

श्रीमती पटेल ने अपने उद्बोधन में महिला सशक्तिकरण एवं विकसित भारत को केन्द्र में रखा और कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं जन जन तक पहुंचनी चाहिए। जिससे जनहित कारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि 2025तक भारत टीबी रोग मुक्त बनाना है।इस मुहिम को आंदोलन के रूप में चालाना होगा। स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त इस काल में टीबी रोग का अब भी होना एक अभिशाप है। राज भवन के माध्यम से सभी जनपदों में हम लोगों ने अभियान चलाया है पूरे उत्तर प्रदेश में 3 लाख से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

इससे पहले उनके यहां पहुंचने पर स्थानीय सांसद केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने स्वागत किया। भाजपा के विद्यायक रत्नाकर मिश्र राज्यसभा सांसद रामसकल, विनोद विंद रिंकी कोल सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। हैलिपैड पर कमिश्नर मुथुकुमार स्वामी एवं जिलाधिकारी प्रिंयका निरंजन ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।सभा स्थल पर अनुप्रिया पटेल ने केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की विगत दस साल की संक्षेप में रिपोर्ट कार्ड रखा। तथा जिले के विकास कार्यों की चर्चा की।