लखनऊ में दंपति ने बेटे ने संग खाया जहर, मां-बेटे की मौत, पिता गंभीर

लखनऊ, लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के नींवा गांव में शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन लोगों द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की घटना सामने आई है। हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची तो रूपनारायण चौरसिया (55), उनकी पत्नी तारावती (लगभग 50 वर्ष) और पुत्र संदीप चौरसिया (30) अचेत अवस्था में मिले। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने तारावती और संदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि रूपनारायण का इलाज जारी है।

घटना के दौरान घर में मौजूद छोटे बेटे कुलदीप ने बताया कि गुरुवार रात सभी ने खाना नहीं खाया और अपने कमरे में चले गए। तड़के आवाज सुनकर जब वह उठा तो पिता को उल्टियां करते पाया और कमरे में मां व भाई बेसुध पड़े मिले। इसके बाद परिजनों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस जांच में मृतक संदीप की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है “अपनी मौत के जिम्मेदार केवल हम हैं।” हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पड़ोसियों ने बताया कि परिवार चाय-समोसा की दुकान और पान की गुमटी चलाकर जीविका चलाता था। परिजनों के अनुसार, किसी बड़े कर्ज या विवाद की जानकारी नहीं है, हालांकि घर पर कुछ अज्ञात लोगों के आने की बात सामने आई है।

एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहर खाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके पीछे की वजह की गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button