विधानसभा सत्र: महिला आरक्षण पर विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग जन्मजात महिला विरोधी हैं, वही आज हंगामा कर रहे हैं।

विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी का शासनकाल प्रदेश की जनता भली-भांति याद रखती है। उस दौर में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “देख सपाई बिटिया घबराई”, जो उनके पुराने कार्यकाल की वास्तविकता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर सपा के पास समर्थन करने का एक सुनहरा अवसर था, लेकिन उन्होंने उसका विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस दोनों ही महिला विरोधी मानसिकता से ग्रसित हैं और नारी के अधिकारों पर डाका डालने का काम करती रही हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें नैतिक साहस है तो वे सदन में चर्चा में भाग लें और बताएं कि उन्होंने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” का विरोध क्यों किया। उन्होंने आगे कहा कि सपा और कांग्रेस को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने अपने निंदा प्रस्ताव के संदर्भ में भी विपक्ष से माफी की मांग की।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या विरोध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button