Breaking News

वैज्ञानिकों ने खोजा दुनिया का सबसे पुराना शुक्राणु

नानजिंग, चीन के जीवाश्म वैज्ञानिकों ने जर्मनी और ब्रिटेन के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर जंतु जगत के सबसे पुराने शुक्राणु की खोज की है। एंबर के एक टुकड़े में पाया गया यह शुक्राणु करीब 10 करोड़ वर्ष पुराना है।

चीन की विज्ञान अकादमी से संबंधित नानजिंग भूविज्ञान एवं जीवाश्म विज्ञान संस्थान के मुताबिक किसी भी जीव में मिलने वाला यह सबसे पुराना शुक्राणु है। इस खोज से संबंधित शोध पत्र रॉयल सोसाइटी : बायोलॉजिकल साइंसेज में प्रकाशित हुए हैं। इस खोज से पहले दुनिया में सबसे पुराना शुक्राणु करीब पांच करोड़ वर्ष पुराना था।

यह शुक्राणु आर्थोपोडा जंतु जगत के उपवर्ग ऑस्ट्राकोड नामक जीव की एक प्रजाति से संंबधित है। यह जीव आकार में बहुत छोटा होता है और महासागरों, झीलों, नदियों और तालाबों में भी पाया जाता है। इसका आकार करीब एक मिलीमीटर लंबा होता है।

ऑस्ट्राकोड उपवर्ग में पाये गए शुक्राणु का आकार बड़ा होता है। इस खोज से जुड़े वैज्ञानिक वांग ही ने कहा कि शुक्राणु का आकार बड़ा होने से प्रजनन दर में सुधार होता है, इसी कारण इन जीवों की संख्या काफी अधिक होती है।