वैश्विक मंच पर लहराया भारतीय चीज़ का परचम, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में की तारीफ

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में वैश्विक मंच पर भारतीय चीज़ की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि डेयरी सेक्टर में मूल्यवर्धन ने देश के पारंपरिक स्वाद को नयी पहचान दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले दिनों ब्राजील में आयोजित एक अन्तर्राष्ट्रीय चीज़ प्रतियोगिता में भारतीय चीज़ के दो ब्रांड को प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने का उल्लेख किया और भारतीय चीज़ की विविधता तथा कुछ विशेषताओं के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि देश के डेयरी सेक्टर में एक बहुत बड़ा बदलाव आ रहा है। इस सेक्टर में मूल्यवर्धन ने पारंपरिक स्वाद को एक नयी पहचान दी है। उन्होंने कहा, “आज भारतीय चीज़ दुनिया-भर में अपनी जगह बना रही है। दुनिया की प्लेटों में भारत का स्वाद पहुंच रहा है।”
प्रधानमंत्री ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की कलारी चीज़ को ‘कश्मीर का मोजेरेला’ कहा जाता है। गुज्जर-बकरवाल समुदाय के लोग, पीढ़ियों से इसे बनाते और खाते आये हैं। सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में ‘छुरपी’ बहुत प्रसिद्ध है। पहाड़ों की सादगी और कोमलता इसके स्वाद में भी महसूस होती है। इस चीज़ की खास बात यह है कि इसे याक के दूध से बनाया जाता है। महाराष्ट्र और गुजरात में ‘टोपली नु पनीर’ जिसे ‘सुरती चीज़’ भी कहा जाता है, अपनी एक अलग पहचान रखता है।
उन्होंने कहा कि आज अनेक कंपनियां इस क्षेत्र में निवेश कर रही हैं। आधुनिक तकनीक आ रही है, बेहतर पैकेजिंग हो रही है और भारतीय उत्पाद वैश्विक मानकों पर खरे उतरते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय चीज़ अब देश की सीमाओं से निकलकर दुनिया के बाजारों और रेस्तरां तक पहुंच रही है। ‘लोकल से ग्लोबल’ में भारतीय चीज़ का उदाहरण हमें आगे की दिशा दिखाता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत का स्वाद, भारत की परंपरा और भारत की गुणवत्ता दुनिया के लोगों को एक नया अनुभव देगी और भारत से एक नया जुड़ाव बनायेगी।





