Breaking News

श्रीकृष्ण की गीता के संदेश का कोई मुकाबला नहीं: अखिलेश यादव

ग्वालियर, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में जो संदेश दिया है उसका कोई भी मुकाबला नहीं कर सकता है।

अखिलेश यादव आज अपने संक्षिप्त प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे। यहां उन्होंने यादव समाज द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने संबोधित करते हुये कहा कि हमें संकल्प लेना चाहिये कि समाज को जोडकर, देश को जोडकर विकास के रास्ते पर आगे ले जायें। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म दिन पूरे देश के साथ ही विश्व के अनेकों देशों में मनाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने समाज को रास्ता दिखाया है। समाज को भी भगवान श्रीकृष्ण के दिखाए रास्ते पर चलना चाहिये।

इससे पूर्व सांसद गुना के पी सिंह यादव ने जन्माष्टमी समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि उन्हें खुशी है कि उनका जन्म यदु कुल में हुआ है। वह यदु कुल के वंशज हैं। उन्होंने कहा कि यदुवंश के भगवान श्रीकृष्ण अपने जीवन काल से ही लोगों को सीख दी है। उनकी बाल लीलाओं से लेकर राजगद्दी तक प्यार, विश्वास, अत्याचार के खिलाफ लडना सिखाया है। उन्होंने कहा कि समाज के पूर्वजों ने देश के लिए बलिदान दिए हैं। उनका समाज देश के लिए मिटने राष्ट्र के लिए समर्पित रहने के लिए तैयार रहता है, चाहे इसमें उसे अपना बलिदान क्यों ना देना पडे। समारोह को मितेन्द्र दर्शन सिंह, औतार सिंह यादव सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

इस अवसर पर एमएलसी उप्र श्याम सुंदर यादव, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, रिटायर्ड डीआईजी हरिसिंह यादव, जिलाध्यक्ष वीरसिंह यादव, अशोक सिंह यादव सहित यादव समाज के कई पदाधिकारी सहित भारी संख्या में युवा मौजूद थे।