लखनऊ,उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक और मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुलायम को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती कराया गया है। मुलायम सिंह के भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने उनकी दिमाग से संबंधित कई जांचें कराईं।
बताया गया कि कुछ दिन पहले उनकी नाक से खून आया था। जिसकी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीजीआई के डॉक्टर प्रो. अमित अग्रवाल ने बताया कि भर्ती होने के बाद मुलायम सिंह का रुटीन चेकअप किया गया। साथ ही उनको कमजोरी की भी शिकायत थी। फिलहाल उनकी डायबिटीज थोड़ी बढ़ी पाई गई है। उन्हें कुछ ही देर में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
मुलायम सिंह यादव के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से इटावा कन्नौज जिले में सपा कार्यकर्ताओं और मुलायम सिंह के समर्थकों में हड़कंप मच गया। कानपुर की अकबरपुर लोकसभा सीट पर प्रसपा का समर्थन करने आए भाई शिवपाल यादव भी सभा को जल्द खत्म कर फौरन लखनऊ के लिए रवाना हो गए।