सरकार बताये कि मेरी एनएसजी सुरक्षा को क्यों हटाया: अखिलेश यादव

झांसी, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि उन्हें पहले एनएसजी सुरक्षा मिली थी, जिसे बाद में हटा लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए था कि एनएसजी सुरक्षा क्यों हटाई गई। श्री यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी एसपीजी सुरक्षा भी हटाई गई और उनका सरकारी आवास खाली कराया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जो व्यवस्था मिलनी चाहिए, वह मिलनी ही चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सबका अपमान करती है। प्रयागराज माघ मेले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शंकराचार्य और बटुकों का अपमान हुआ। उनका कहना था कि यदि कोई गलती हुई हो तो मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए थी।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा,“ योगी वह होता है जो दूसरों के दुःख को अपना दुःख समझे, लेकिन वर्तमान सरकार लोगों की पीड़ा पर संवेदनशील नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई पर सरकार प्रसन्नता जताती है और संविधान व कानून का पालन नहीं करती।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में दिए गए शपथपत्र में दर्ज मामलों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि बाद में मुकदमे वापस लिए गए। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को आंशिक रूप से बाहर किया गया है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी। उनके अनुसार किसान, नौजवान, व्यापारी और अन्य वर्ग भाजपा सरकार से असंतुष्ट हैं तथा प्रदेश में अन्याय और अत्याचार बढ़ा है।





