Breaking News

सीएम अखिलेश ने गाज़ीपुर में गंगा नदी पर बने पुल का किया लोकार्पण

akhilesh-inaugrated-gazipur-bridgeलखनऊ, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सड़कें और पुल विकास की रफ्तार को तेज करते हैं। मुख्यमंत्री आज अपने सरकारी आवास पर जनपद गाज़ीपुर में चन्दौली सकलडीहा-सैदपुर मार्ग पर गंगा नदी पर निर्मित सेतु के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस पुल के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को बधाई देते हुए कहा कि इस पुल के निर्मित हो जाने से लोगों को सुविधा होगी। उनका सफर आसान होगा, व्यापारिक तथा विकास सम्बन्धी गतिविधियों को गति मिलेगी। सैदपुर तहसील का सीधा सम्पर्क जनपद चन्दौली से हो जाएगा, जिससे वाराणसी में ट्रैफिक के दबाव में कमी आएगी। इस पुल के निर्माण की मांग एक लम्बे अरसे से की जा रही थी। इससे क्षेत्र के लोगों का गंगा नदी पर सेतु निर्माण का सपना साकार हो गया है।श्री यादव ने कहा कि सड़कें और पुलों के अच्छे नेटवर्क से लोगों को लाभ मिलता है। उनका समय बचता है और आर्थिक बदलाव आते हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि अधूरे पुलों का तेजी से निर्माण कर उन्हें पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि समय के साथ निर्माण सम्बन्धी कार्याें में तकनीक और डिजाइन के स्तर पर बदलाव आया है, जिसे अपनाकर हम तेजी से तरक्की कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं को यदि तेजी से पूरा किया जाए तो उनकी लागत में कमी आती है। उन्होंने कहा कि सेतु निगम को समय की आवश्यकता को देखते हुए तकनीक और कार्य प्रणाली के स्तर पर बदलाव लाना चाहिए, जिससे वह अपनी छवि को बरकरार रखते हुए नई ऊंचाइयों पर पहुंच सके। इस सम्बन्ध में सरकार हर सम्भव मदद करेगी। समाजवादी सरकार ने बड़े पैमाने पर पुलों और सड़कों का निर्माण कर जनता को विकास से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का रिकाॅर्ड समय में निर्माण देश के लिए एक उदाहरण है। यह प्रदेश के आर्थिक बदलाव का कारक बनेगा।

उल्लेखनीय है कि जनपद गाज़ीपुर में चन्दौली सकलडीहा-सैदपुर मार्ग पर सैदपुर के निकट गंगा नदी पर लगभग 1755.00 मीटर लम्बे 2-लेन सेतु का निर्माण कार्य सेतु निगम द्वारा पूरा किया गया है। इसकी स्वीकृत लागत 108.84 करोड़ रुपये है। इस सेतु में 348 मीटर की लम्बाई जल मार्ग यातायात की दृष्टि से दी गयी है, जिसमें अधिकतम स्पैन 120 मीटर का है।इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री सुधीर गर्ग, सेतु निगम के प्रबन्ध निदेशक श्री एम0एन0 खान, संयुक्त प्रबन्ध निदेशक श्री डी0एस0 अरोड़ा सहित विभागीय अधिकारीगण एवं मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *