सीतापुर की शिखा वर्मा व कशिश ने हाईस्कूल और इंटर परीक्षा में हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान

सीतापुर, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सीतापुर जनपद की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। इंटरमीडिएट परीक्षा में शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

शिखा वर्मा बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुरा बिलौली बाजार की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। शिखा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि नियमित मेहनत और सही मार्गदर्शन से यह सफलता मिली। उन्होंने भविष्य में अधिकारी बनकर समाज और जनता की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।

इसी क्रम में हाईस्कूल परीक्षा में इसी विद्यालय की छात्रा कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। कशिश की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी की लहर है। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन चार घंटे से अधिक अध्ययन करती थीं।

कशिश वर्मा ने भविष्य में डॉक्टर या शिक्षिका बनकर समाज सेवा करने की इच्छा जताई। उन्होंने अन्य छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा के बिना समाज में कोई स्थान नहीं है, इसलिए सभी को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, तभी समाज और देश का विकास संभव है।

Related Articles

Back to top button