सेनेगल में रिफ्ट वैली बुखार के प्रकोप से सात लोगों की मौत

डकार, अफ्रीका महाद्वीप के सेनेगल राष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री इब्राहिमा सी ने कहा कि उत्तरी सेंट-लुई क्षेत्र में रिफ्ट वैली बुखार (आरवीएफ) के प्रकोप से सात लोगों की मौत हो गयी है।

सेंट लुईस में रविवार को महामारी नियंत्रण बैठक में श्री सी ने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी, पशुधन विभाग के साथ मिलकर बीमारी को फैलने से रोकने के लिये तेजी से उपाय कर रहे हैं। गुरुवार को सेंट लुईस क्षेत्र में आधिकारिक रूप से पहला आरवीएफ का मामला सामने आया था।

स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक स्वच्छता मंत्रालय में महामारी विज्ञान निगरानी प्रमुख बोली डियोप ने कहा कि यह जानवरों से फैलने वाला एक आरवीएफ विषाणु है। जो पहले मुख्य रूप से जानवरों में फैलता है और फिर संक्रमित जानवर के संपर्क में आने वाले इंसानों में संचारित होता है। इसमें मरीज को बुखार, सिरदर्द, मासपेशियों में दर्द और थकान महसूस होती है।

अधिकतर मामले हल्के होते हैं लेकिन इलाज में देरी से रक्तस्राव संबंधी जटिलताएं हो सकती हैं और फिर मरीज के मौत हो सकती है। श्री डियोप ने कहा कि इंसानों में संक्रमण आमतौर पर संक्रमित जानवरों के रक्त या अंगों के संपर्क में आने से होता है।

उच्च जोखिम वाली गतिविधियों में वध, कसाई, पशुओं के जन्म में सहायता और मृत पशुओं को संभालना शामिल है। चरवाहों, किसानों, बूचड़खानों के कर्मचारियों और पशु चिकित्सकों जैसे समूहों के वायरस के संपर्क में आने की संभावना अधिक होती है।

हाल के दशकों में यह बीमारी पश्चिम अफ्रीका में बार-बार सामने आयी है। यह मॉरिटानिया, नाइजर और सेनेगल जैसे देशों को प्रभावित कर रही है। वर्तमान में मनुष्यों के लिए कोई विशिष्ट एंटीवायरल उपचार या स्वीकृत टीका उपलब्ध नहीं है।

Related Articles

Back to top button