स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने किया विरोध प्रदर्शन

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग की ओर से लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी ने रविवार को पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह के आह्वान पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्रों पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी बिजली विभाग के अधिकारियों को सौंपा है।
संगम नगरी प्रयागराज में आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सर्वेश यादव के नेतृत्व में किए गए विरोध प्रदर्शन में प्रदेश की योगी सरकार पर स्मार्ट मीटर के नाम पर डिजिटल लूट का आरोप लगाया है। मांग की है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही कथित लूट, गलत बिलिंग, बिजली कटौती और प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता बंद होनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर को “डिजिटल लूट” बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस जनविरोधी व्यवस्था को तत्काल बंद करने की भी मांग की है।इस मौके पर जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर योजना पूरी तरह से फेल हो चुकी है और यह अब जनता को राहत देने के बजाय आर्थिक शोषण का माध्यम बन गई है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर इतने “स्मार्ट” हो गए हैं कि बैलेंस खत्म होते ही तुरंत बिजली काट देते हैं, लेकिन रिचार्ज के बाद भी 2 से 12 घंटे तक बिजली बहाल नहीं होती। यह व्यवस्था न केवल तकनीकी रूप से विफल है, बल्कि सरकार की नीयत पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 78 से 80 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। जिनमें से करीब 70 लाख प्रीपेड मीटर हैं। लाखों उपभोक्ता गलत बिलिंग, तेजी से बैलेंस खत्म होने और बिजली कटौती से परेशान हैं। कई मामलों में जहां पहले 1500 रुपए तक का बिजली बिल आता था। वह अब बढ़कर 6000–7000 रुपए तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सीधा-सीधा जनता की जेब पर हमला है।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से इन मांगों पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में अपना आंदोलन और तेज करेगी। स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज मजबूती से उठाएगी।





