पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप बहिष्कार पर अखिलेश यादव ने उठाये विदेश नीति पर सवाल

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पाकिस्तान द्वारा आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा के बाद केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं।
संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत सरकार को अपनी विदेश नीति की दिशा पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार के घटनाक्रम देश की वैश्विक छवि और कूटनीतिक प्रभाव को प्रभावित करते हैं, इसलिए सरकार को गंभीरता से इस विषय पर ध्यान देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ निर्धारित मुकाबले का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। यदि पाकिस्तान अपने रुख पर कायम रहता है और मैच नहीं खेलता है तो उसके खिलाफ आईसीसी द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




