इतिहास में पहली बार ‘जीरो वेस्ट महोत्सव’ बना पुरा महादेव महाशिवरात्रि मेला

बागपत, फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिला स्थित ऐतिहासिक श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर में रविवार शाम झंडा पूजन और झंडारोहण के साथ पुरा महादेव मेला आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो गया। झंडारोहण के बाद भगवान शिव का मुख्य जलाभिषेक शुरू हुआ और पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
मेले के पहले ही दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगाजल से जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। शंखध्वनि, मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण ने इस ऐतिहासिक धाम की आध्यात्मिक महत्ता को और सशक्त किया।
इस वर्ष पुरा महादेव मेला बागपत के इतिहास में पहली बार “जीरो वेस्ट महोत्सव” के रूप में आयोजित किया गया है। जिला प्रशासन ने मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इको-फ्रेंडली पत्तलों, कपड़े के थैलों और कचरा पृथक्करण व्यवस्था के जरिए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है।
जीरो वेस्ट पहल के तहत कैदियों द्वारा बनाए गए कपड़े के थैलों का वितरण, श्रद्धालुओं को पौधों का वितरण और पूजन सामग्री के पुनः उपयोग के लिए ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल अपनाया गया है। मंदिर में अर्पित जल और फूलों का उपयोग पशु सेवा और जैविक उत्पादों के लिए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ, सुरक्षित और तकनीक आधारित धार्मिक आयोजनों के विजन को साकार करता यह मेला आस्था, पर्यावरण और आधुनिक प्रबंधन का संगम बन गया है। जिला प्रशासन की सतत निगरानी में मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है।





