दो से चार मार्च तक यूपी की सभी ग्राम पंचायतों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

लखनऊ, होली पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में 2 से 4 मार्च तक विशेष स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्योहार के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष नजर रखने और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा है।
अभियान की मॉनिटरिंग सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) द्वारा की जाएगी। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों, घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और स्नान स्थलों की व्यापक सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और ठोस अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के बाद समस्त अपशिष्ट पदार्थों का समुचित निपटान किया जाए तथा ग्राम पंचायतों के रूरल रिसोर्स सेंटर पर कचरा एकत्रित किया जाए। वही जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम हो सके।
इसके साथ ही नदी-तालाबों के घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। पूरे अभियान की सतत निगरानी कर इसे प्रभावी रूप से सफल बनाने पर जोर दिया गया है।





