Breaking News

अखिलेश यादव ने पीले और लाल रंग की ताकत बता, गठबंधन की घोषणा की

मऊ, समाजवादी पार्टी  के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज पीले और लाल रंग की ताकत बताकर गठबंधन की घोषणा की है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस पर हुई महापंचायत में पहुंचे समाजवादी पार्टी  के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सुभासपा के 19वें स्थापना दिवस पर आज मऊ जिले के हलधरपुर के पास ढोलवन में महापंचायत के आयोजन मंच पर  पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक साथ मंच से गठबंधन की औपचारिक घोषणा की।  पूर्व मुख्यमंत्री ने महापंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने ओमप्रकाश जी का भाषण बड़े ध्यान से सुना। मैं उनसे पूरी तरह से सहमत हूं।  महापंचायत में शामिल हजारों सुभासपा और सपा कार्यकर्ताओं को देखकर उनका उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यहां इस महापंचायत में पीली रंग और लाल रंग की संयुक्त ताकत को देखकर कोई दिल्ली तो कोई लखनऊ में लाल-पीला हो रहा होगा।

उन्होंने कहा कि इस गठबंधन को कोई रोकने वाला नहीं हैं। पीले और लाल लोग जब एक हो गए हैं तो हो सकता है जनता 400 सीट जिता दे। ये भविष्य बनाने का चुनाव है। सम्मान पाने का चुनाव है। एक होकर ही भाजपा का सफाया होगा। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने सपने दिखाए, न जाने क्या षड्यंत्र किया, कितना झूठ बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल के लोग चल देते हैं तो इतिहास बन जाता है। यूपी से भाजपा का सफाया जरूरी है। हम लोग बाबा साहब के साथ महापुरुषों पर चलने वाले लोग हैं। इस ताकत का कोई मुकाबला नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने आय दोगुनी करने का दावा कर महंगाई दोगुनी कर दी। आज हमारे देश में भुखमरी है, गरीबों को भरपेट खाना नहीं मिल पा रहा है, कपड़े नहीं है। जिस तरह से महंगाई बढ़ रही है, इस महंगाई के कारण गरीबों को आत्महत्या करनी पड़ रही है। सपना दिखाया था कि चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज में चलेगा। आज महंगाई के कारण चप्पल पहनने वाले व्यक्ति की मोटरसाइकिल भी चल नहीं पा रही है।
लखीमपुर खीरी घटना का नाम न लेते हुए कहा कि अपने हक की मांग करने वालों को एक मंत्री के बेटे ने वाहन से कुचल दिया। घटना के बाद भी दोषी मंत्री पिता ने इस्तीफा नहीं दिया।

वहीं, सुभासपा के महापंचायत में अखिलेश यादव की ओर इशारा करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आपके बीच भावी सीएम को लेकर आया हूं। ओमप्रकाश राजभर ने  कहा कि 2022 के होने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अपने साथ लाया हूं। सरकार बनते ही घरेलू बिजली पांच साल तक माफ करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर देश में किसी को झूठ का ताज देना हो तो उसके हकदार प्रधानमंत्री होंगे।

उन्होंने कहा कि सपा और सुभसपा की सरकार बनने के बाद गरीबों का इलाज मुफ्त होगा। अब सीएम योगी और पीएम मोदी की विदाई नजदीक आ चुकी है। उन्होंने कहा कि सबका साथ-सबका विकास का दावा करने वाली सरकार में आज पेट्रोल, सरसों का तेल, पेट्रोल, अरहर की दाल, सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है।