Breaking News

भाजपा के खिलाफ महागठबंधन बनाने की हुयी शुरूआत, एकजुट हुये ये दिग्गज

कोलकाता , 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर भाजपा के खिलाफ एक महा गठबंधन बनाने की शुरूआत हो गयी है। दो प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने मिलकर इसकी नींव डाल दी है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बैठक करने के बाद कहा कि वे उन सभी विपक्षी दलों के साथ एकजुट होकर 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं जो देश बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ हैं।

राज्य सचिवालय में दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद अगले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए 22 नवंबर को नयी दिल्ली में होने वाली बैठक के लिए सहमति बन गयी है। चंद्रबाबू नायडू ने सुश्री बनर्जी को इस बैठक के लिए आमंत्रित किया है। इस बैठक में सभी विपक्षी दलों के नेता भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन  के खिलाफ प्रस्तावित संयुक्त मोर्चा बनाने पर विचार करेंगे।

चंद्रबाबू नायडू ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा सभी लोकतांत्रिक मूल्यों वाले संस्थानों को नष्ट करने में जुटी हुयी है इसलिए देश को बचाने के लिए सभी विपक्षी नेताओं को भाजपा के आक्रमण के खिलाफ एकजुट होना होगा।

तेलुगु देशम पार्टी  के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर भाजपा के खिलाफ एक गठबंधन बनाना चाहते हैं। इसी सिलसिले में चंद्रबाबू नायडू ने कुछ सप्ताह पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई क्षेत्रीय दलों के नेताओं से मुलाकात की थी।