Breaking News

आखिरी समय अपने इन सबसे करीबियों से अमर सिंह की बढ़ गई थी दूरी

नयी दिल्ली, राज्य सभा सांसद एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह का आज निधन हो गया। वह चौसठ वर्ष के थे।

अमर सिंह के अगर व्यक्तिगत संबंधों पर गौर करें तो उनकी जिंदगी के सबसे करीब लोगों से आखिरी समय अमर सिंह की दूरियां कुछ ज्यादा ही बढ़ गईं थी ।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में 27 जनवरी 1956 को जन्मे श्री सिंह सपा संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के घनिष्ठ सहयोगी रहे हैं। श्री सिंह की एक समय मेगास्टार अमिताभ बच्चन से भी काफी नजदीकी थी लेकिन आखिरी समय में दोनों से उनके रिश्ते अच्छे नही रहे थे।

अमर सिंह ने 2010 में सपा महासचिव पद और राज्य सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। बाद में दो फरवरी 2010 को सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
कुछ समय तक राजनीति से दूर रहने के बाद श्री सिंह 2016 में सपा के समर्थन से फिर राज्य सभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

अमर सिंह गुर्दा रोग से पीड़ित थे और छह माह से अधिक समय से सिंगापुर में उनका उपचार चल रहा था। उनका दूसरी बार गुर्दा प्रत्यारोपण हुआ था, जो सफल रहा था और उनकी हालत में सुधार भी हो रहा था लेकिन संक्रमण होने से उनका स्वास्थ्य बिगड़ता चला गया। डाक्टरों ने उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन असफल रहे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्री हैं।