भाजपा नेता का एक और विवादित वीडियो सोशल मीडिया में जारी

शहडोल, मध्यप्रदेश के अनूपपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी एवं राज्य के मंत्री बिसाहूलाल सिंह का एक और विवादित वीडियो सोशल मीडिया में जारी हुआ है, जिसमें वे अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए दिखायी दे रहे हैं।

लगभग 50 सैकंड के इस वीडियो में रिवाल्वर हाथ में थामे हुए श्री सिंह कथित तौर पर कार्यकर्ताओं के साथ बदमिजाजी के साथ पेश होते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो किस स्थान और समय का है, यह तो साफ नहीं हो पाया है, लेकिन इसे प्रदेश कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से भी जारी किया गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच बयानों का दौर भी चल रहा है।

श्री सिंह पहले कांग्रेस में थे, लेकिन लगभग सात माह पहले भाजपा में शामिल होकर शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री बने हैं। वे अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित अनूपपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं और उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह कुंजाम से है।

श्री सिंह हाल ही में उस समय विवादों में आए जब उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी को लेकर अमर्यादित और असम्मानजनक टिप्पणी करते हुए सुने गए। इस वीडियो में वे क्षेत्र के एक नेता को भी देख लेने की धमकी दे रहे थे। हालाकि इस मामले को लेकर विपक्ष की कड़ी आपत्ति के चलते और कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी की शिकायत पर उनके खिलाफ अनूपपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज हो गयी है।

इन दिनों अनूपपुर में भी चुनाव प्रचार अभियान जोर पकड़ रहा है। मतदान 03 नवंबर को और नतीजा 10 नवंबर को घोषित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button